Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और योग को गांव-गांव, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के 176 से अधिक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाकर भारतीय संस्कृति का सम्मान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद AIIMS की स्थापना का आग्रह किया गया है। प्रदेश का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।


