Sarguja Murder: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगीडीह में पड़ोसी की गैंती से हमला कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद पड़ोसी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के बाद वह गांव वालों से कहता रहा कि उसने जीतू नागेश की हत्या कर दी है और अब जेल जाएगा। इसके बाद वह अपने घर जाकर सो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरगीडीह राईंखुर्द निवासी जीतू नागेश (45) गुरुवार को घर पर था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। दोपहर में उसका पड़ोसी बुधराम के साथ बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी बुधराम ने गुस्से में आकर गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जीतू घर के सामने ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी गांव के लोगों से कहता रहा कि उसने जीतू की हत्या कर दी है और अब जेल जाएगा। इसके बाद वह अपने घर जाकर सो गया।
आरोपी की बात सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो जीतू खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिला। सूचना मिलते ही खेत में काम कर रहे परिजन मौके पर पहुंचे और उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल को अस्पताल पहुंचाने में आरोपी के बेटे ने भी मदद की।
अस्पताल पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की सूचना लुण्ड्रा थाना पुलिस को भेज दी है। पुलिस ने आरोपी बुधराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


