CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 जुलाई 2026 को रायपुर के डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण भी करेंगे और इसे प्रदेशवासियों तथा व्यापारियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी करेंगे।

गौरतलब है कि यह कार्यक्रम पहले 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर घोषित राजकीय शोक के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब इसका आयोजन 8 जुलाई को किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह आधुनिक थोक बाजार चौड़ी सड़कों, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इससे रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापारिक ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
डूमरतराई व्यापारिक परिसर के फेज-1 में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए हैं। वहीं फेज-2 में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक व्यापारिक परिसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तैयार यह परियोजना व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे व्यापारियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक कारोबारी वातावरण मिलेगा, वहीं रायपुर एक मजबूत व्यापारिक केंद्र के रूप में और विकसित होगा।
लोकार्पण समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।


