CG Crime: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित एक पीजी (पेइंग गेस्ट) में 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी खुशी साहू (19) के रूप में हुई है। वह भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर के एक पीजी में रहकर शहर के एक कैफे में काम करती थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर खुशी अपने कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पीजी पहुंचा और उस पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल खुशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीजी में रहने वाली अन्य युवतियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


