CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ ग्राम बिरहीपानी में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब गांव के सभी 129 घरों में नियमित रूप से नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित इस वनांचल गांव में पहले ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप, कुएं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के मौसम में जल संकट गहरा जाता था और महिलाओं व बच्चों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
जल जीवन मिशन के तहत गांव में चार उच्च स्तरीय जलागार बनाए गए और पूरे क्षेत्र में पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया। इसके माध्यम से सभी 129 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) उपलब्ध कराए गए हैं।
घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचने से महिलाओं के समय और श्रम की बचत हुई है। अब वे परिवार की देखभाल, बच्चों की शिक्षा और अन्य आजीविका संबंधी कार्यों में अधिक समय दे पा रही हैं। साथ ही स्वच्छ पानी की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी बढ़ी है।
योजना के संचालन और रखरखाव के लिए गांव में जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। स्थानीय समुदाय की भागीदारी से जलापूर्ति व्यवस्था का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे योजना की दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो रही है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर-घर नल से पानी मिलने से उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बन गया है। बिरहीपानी की यह पहल प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता से हो रहे विकास का उदाहरण बनकर सामने आई है।


