धरसीवां। रायपुर जिले के धरसीवां स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर की ऐतिहासिक बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी के आसपास बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे। इसी दौरान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) खेलते-खेलते बावड़ी के पानी में उतर गए। करीब 25 से 30 फीट गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों बच्चे डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह बावड़ी राजा कुंबरसिंह के समय की ऐतिहासिक धरोहर है और वर्षों से धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व रखती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी पुरानी बावड़ी में इससे पहले कभी इस तरह का हादसा नहीं हुआ था।
इस घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बावड़ी के चारों ओर मजबूत जाली, सुरक्षा घेरा और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

