रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जा रही है। इससे महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
11 जुलाई को योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद प्रदेशभर की लाभार्थी महिलाओं में उत्साह का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि हर माह समय पर मिलने वाली सहायता राशि ने उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता का भरोसा दिया है। अब छोटे-छोटे व्यक्तिगत और घरेलू खर्चों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
जशपुर जिले के कुनकुरी की लाभार्थी ज्योति पांडेय ने बताया कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने दैनिक खर्च स्वयं वहन कर रही हैं।
रेहाना खातून ने बताया कि पहले वे मजदूरी कर परिवार का सहयोग करती थीं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें छोटा घरेलू व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास दिया। आज वे स्वयं आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
लाभार्थी कविता शर्मा का कहना है कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता उनके लिए बड़ा संबल है। इससे वे अपनी आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर पा रही हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।
वहीं अंजू शर्मा ने कहा कि अब उन्हें अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है।
लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उनके अनुसार यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।


