रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की पहल का सकारात्मक असर अब खेतों तक दिखाई देने लगा है। खैरागढ़ जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराए जाने से खेती की तैयारियां बिना किसी बाधा के पूरी हो रही हैं।
ग्राम अवेली के किसान श्री गेंद लाल ने बताया कि उन्हें समिति सलोनी से उनकी पात्रता के अनुसार 6 बोरी यूरिया, 3 बोरी डीएपी, 2 बोरी सुपर फॉस्फेट और 1 बोरी पोटाश आसानी से प्राप्त हुआ। समय पर खाद मिलने से उन्होंने बुवाई और फसल प्रबंधन का कार्य शुरू कर दिया है।
किसान गेंद लाल ने बताया कि पहले खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन इस वर्ष समिति में पर्याप्त भंडारण और सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था के कारण उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इससे खेती के प्रति उनका उत्साह बढ़ा है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
जिले में कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में उर्वरकों के भंडारण और वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन की इसी प्रभावी व्यवस्था के कारण किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध हो रहा है।
समय पर उर्वरक वितरण से न केवल खरीफ सीजन के कृषि कार्यों को गति मिली है, बल्कि किसानों का सहकारी समितियों और जिला प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हुआ है। किसानों का मानना है कि ऐसी व्यवस्थाओं से खेती आसान होगी और फसल उत्पादन में भी बेहतर परिणाम मिलेंगे।


