रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।
बैठक के दौरान सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन तथा स्टेशनों के नए स्वरूप को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
CM साय ने बताया दूरदर्शी कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।
रेलवे बनेगा विकास की नई धुरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। इससे निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाना है।


