बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किन्नर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में सड़क किनारे किन्नर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तनु खान किन्नर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तनु खान के साथ पहले मारपीट की गई, इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह राहगीरों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथी किन्नरों पर संदेह, जांच जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में साथी किन्नरों पर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.


