बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेषण गृह के चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चार आरोपियों में से तीन को प्रयागराज, पटना और बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में छिप गए थे ताकि गिरफ्तारी से बच सकें। सबसे पहले दिनेश राठिया को प्रयागराज से पकड़ा गया। इसके बाद जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों को पटना और बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।
हाथ-पैर बांधकर उतारा था मौत के घाट
जांच में खुलासा हुआ है कि चारों आरोपियों ने पहले चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए, गला दबाया और मुंह में गमछा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
बालिग होने के बाद सेफ्टी यूनिट में रखे गए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपने पुराने अपराध किशोर अवस्था में किए थे। हालांकि, इस हत्याकांड के समय सभी आरोपी बालिग हो चुके थे। इसी कारण उन्हें बाल संप्रेषण गृह की प्लेस ऑफ सेफ्टी (Safety Unit) में रखा गया था।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस की विशेष टीमें फरार चौथे आरोपी की तलाश में विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा न्यायालय के समक्ष किया जाएगा।


