रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को जनआंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में वन महोत्सव के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवागांव (पेण्ड्रा) में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एटीएम ट्री वाहन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से एटीएम ट्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
विद्यालय के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यालय में साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। वहीं जनपद सदस्य पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
हर नागरिक से पौधरोपण का आह्वान
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी संदेश देता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहा यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में लगातार गति पकड़ रहा है।


