रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम अमलीडीह से कामनबोड़ तक ₹2 करोड़ की लागत से बनने वाली 1.40 किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने शीतला माता मंदिर भवन निर्माण के लिए ₹6.50 लाख की घोषणा भी की।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, पुल-पुलिया सहित सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद प्रदेशभर में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे हजारों गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि अमलीडीह सहित कुरुवा पंचायत के आश्रित गांवों में पिछले दो वर्षों के दौरान 255 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध होगा।
बिजली व्यवस्था में भी बड़ा सुधार
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर सेपरेशन अभियान चलाया गया है। पहले एक फीडर से 8 से 9 गांव जुड़े रहते थे, जबकि अब इसे घटाकर 4 गांव प्रति फीडर कर दिया गया है। इससे तकनीकी खराबी आने पर बिजली बहाली अधिक तेजी से हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि अमलीडीह में ₹52 लाख की लागत से फीडर सेपरेशन का कार्य कराया गया है। साथ ही कृषि पंपों के लिए अलग फीडर की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए नियमित बिजली मिलेगी। इसके अलावा ₹7 लाख की लागत से 1.20 किलोमीटर एलटी केबलिंग और 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया है।
गांव में होंगे कई और विकास कार्य
विजय शर्मा ने बताया कि अमलीडीह में सड़क और बिजली के अलावा सीसी रोड, चेक डैम और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांव की अधोसंरचना मजबूत होगी, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रत्येक गांव को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


