गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को जनआंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में वन महोत्सव के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवागांव (पेण्ड्रा) में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से एटीएम ट्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
विद्यालय को मिली विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। वहीं जनपद सदस्य पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए ₹5 लाख देने की घोषणा की।
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी संदेश देता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने बादाम, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने आंवला, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आम तथा वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने कदम का पौधा रोपित किया। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, सरपंच नरेश पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चला रही है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान हरित, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ रहा है।


