रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भिलाई प्रौद्योगिकी संस्थान, दुर्ग (BIT Durg) में आयोजित ‘Manthan X’ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का दौर नवाचार, तकनीक और उद्यमिता का है, और युवा अपनी रचनात्मक सोच से प्रदेश तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
स्टार्टअप के लिए बेहतर मंच है ‘Manthan X’
वित्त मंत्री ने कहा कि ‘Manthan X’ जैसे मंच युवाओं को अपने नवाचार और विचार निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों तथा अनुभवी मार्गदर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नए स्टार्टअप, रोजगार और नवाचार की संभावनाओं को भी जन्म देते हैं।
आत्मविश्वास और नवाचार से मिलेगी सफलता
ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि आत्मविश्वास, लगातार सीखने की प्रवृत्ति और समस्याओं के समाधान आधारित सोच ही सफल उद्यमिता की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से स्थानीय समस्याओं के समाधान विकसित करने और अपने नवाचार को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ के युवाओं पर जताया भरोसा
वित्त मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के बल पर राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाएंगे। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


