सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन हड़पने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर उसकी जमीन का नामांतरण और रजिस्ट्री करा दी गई। शिकायत और प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद झिलमिली पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम करकोटी का है। आरोप है कि महिला की फर्जी मृत्यु दर्शाने के लिए कथित रूप से नकली मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया गया। इसी दस्तावेज के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में नामांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई और बाद में संबंधित जमीन की रजिस्ट्री भी कर दी गई।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पक्ष ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद हुई प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों में गंभीर गड़बड़ियों के संकेत मिले।
प्रारंभिक जांच के आधार पर झिलमिली पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी समेत चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने, राजस्व अभिलेखों में की गई प्रविष्टियों की वैधता और इस पूरे मामले में अधिकारियों एवं अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की गहन पड़ताल की जाएगी। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


