रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए राज्य की विकास यात्रा और भावी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी सूची के अनुसार राजनांदगांव जिला मुख्यालय में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वे तिरंगा फहराने के साथ परेड की सलामी लेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे तथा जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
सरगुजा जिला मुख्यालय में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। ये सभी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड की सलामी लेने के बाद जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
गरियाबंद जिला मुख्यालय में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी/लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
कोरबा जिला मुख्यालय में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धरमजीत सिंह, मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े और नारायणपुर में विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे परेड की सलामी लेकर जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
इस तरह 15 अगस्त को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ध्वजारोहण, परेड और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन प्रमुख रूप से होगा, जबकि रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य स्तरीय समारोह का नेतृत्व करेंगे।


