महासमुंद। जिले के बसना ब्लॉक में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बसना स्थित स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पौधरोपण किया और आमजनों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा घर-घर तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से निःशुल्क पौधा वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं है, बल्कि यह जननी और प्रकृति माता के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का एक पवित्र माध्यम है। जिस तरह मां बिना किसी स्वार्थ के हमारा पालन-पोषण करती है, उसी तरह वृक्ष भी जीवनभर हमें ऑक्सीजन और छाया देकर निस्वार्थ सेवा करते हैं।
उन्होंने पर्यावरण संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते मौसम के चक्र को नियंत्रित करने के लिए सघन वृक्षारोपण आज की बड़ी आवश्यकता है। यदि हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और समृद्ध पर्यावरण देना चाहते हैं, तो हमें वर्तमान में ही प्रकृति संरक्षण के प्रति गंभीर होना होगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर हम अपनी मां को अविस्मरणीय सम्मान दे सकते हैं।
महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह, युवाओं और विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगा देना ही हमारी जिम्मेदारी पूरी नहीं करता। असली कर्तव्य तब पूरा होता है, जब हम उस पौधे को वृक्ष बनने तक सींचें और उसकी सुरक्षा करें। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि मां के नाम पर लगाए गए पौधे की देखभाल भी एक संतान की तरह की जाए।
पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए तैयार किए गए निःशुल्क पौधा वितरण रथों को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को पौधे उपलब्ध कराने के साथ ही अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, ओमप्रकाश चौधरी, डिलेश्वरी निराला, मोहित पटेल, बसना शीत गुप्ता, कैलाश अग्रवाल, नरेंद्र यादव, नरहरि पोर्ते, माधव साव, कामेश बंजारा, पिलेश्वर पटेल, पार्षद राकेश डड़सेना, मंडल सरोज पाण्डेय, महेंद्र सिंह अरोरा, नवीन साव, पार्षद मुजम्मिल कादरी, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा, वन मंडलाधिकारी श्रीनिवास तन्नेती, वन विभाग के अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


