सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऑटो चालक पर नशे की हालत में 13-14 वर्षीय छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय सुनसान इलाके में ले जाने का आरोप लगा है। घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक छात्रा देर शाम ट्यूशन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक उसे घर ले जाने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की ओर ले जाने लगा। रास्ता बदलने पर छात्रा को शक हुआ और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।
छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने ऑटो को रोक लिया। इसके बाद छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लोगों ने आरोपी ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के बयान और घटनाक्रम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


