जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। आरोपियों ने शादी की तलाश कर रहे युवाओं को निशाना बनाने के लिए ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से फ्लैक्स तैयार किया और वाट्सऐप, फेसबुक व इंस्टाग्राम के जरिए उसका प्रचार किया। इसके बाद युवाओं से लड़की बनकर बातचीत की जाती थी और शादी का झांसा देकर पैसे मांगे जाते थे। रकम मिलने के बाद संबंधित युवक का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब अजय राठौर नामक व्यक्ति ने 8 अगस्त को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका बैंक खाता होल्ड हो गया है। अजय पेट्रोल पंप पर काम करता है। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने रिश्तेदार की तबीयत खराब होने की बात कहकर उससे 2 हजार रुपये नकद मांगे थे। उसने कहा था कि नकद रकम के बदले वह ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से पैसे वापस कर देगा। अजय ने मदद के तौर पर 2 हजार रुपये दे दिए और उसके खाते में उतनी ही रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई।
इसके बाद अजय का बैंक खाता होल्ड हो गया। उसने पहले बैंक पहुंचकर जानकारी ली और फिर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने खाते में आए 2 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच की तो पता चला कि यह रकम साइबर ठगी से जुड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने ट्रांजेक्शन के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान लाला साहू उर्फ लक्ष्मी नारायण साहू और सोनू साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों मिलकर शादी के नाम पर युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे।
लड़की की आवाज में करता था बात
एडिशनल एसपी यूलैंडन यार्क के मुताबिक, आरोपी लाला साहू मोबाइल ऐप, वॉइस मॉड्यूलेटर और अन्य तकनीक की मदद से अपनी आवाज को लड़की की आवाज में बदलकर युवाओं से बातचीत करता था। आरोपियों ने वर्ष 2025 की शुरुआत से यह काम शुरू किया था। पुलिस के अनुसार, वे अलग-अलग समाज और वर्ग की लड़कियों से शादी कराने का दावा करते थे और इसके लिए युवाओं से पैसे की मांग की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, सोनू साहू चांपा के बेलदारपारा का रहने वाला है और शादी के लिए लड़की दिखाने वाले बिचौलिए की भूमिका निभाता था। वहीं दूसरा आरोपी अमोदा गांव का लक्ष्मी साहू है, जो मोबाइल ऐप, एआई टूल और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से आवाज बदलकर युवाओं से बात करता था।
आठ जिलों में शिकायतें सामने आईं
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ केवल जांजगीर-चांपा ही नहीं, बल्कि कवर्धा, रायपुर समेत प्रदेश के करीब आठ जिलों में शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की
पुलिस ने शादी के लिए ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल करने वाले युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थानीय शादी के ऐप, वेबसाइट या सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और संबंधित व्यक्ति की पहचान की जांच जरूर करें।
पुलिस ने अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते से पैसे भेजने या किसी अन्य के कहने पर नकद लेन-देन के बदले यूपीआई भुगतान स्वीकार करने में भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।


