रायपुर, 19 अगस्त 2026। बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में विभिन्न स्थानों पर Awareness Campaign आयोजित किए गए। अभियान के दौरान Child Helpline 1098 सहित बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई और लोगों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
शासकीय प्राथमिक शाला दर्शभाठा में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को Child Helpline 1098, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा विपरीत परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी परेशानी या असुरक्षित स्थिति में वे तत्काल सहायता के लिए Child Helpline से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं रेलवे स्टेशन चांपा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर Child Helpline 1098, POCSO Act, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाले बच्चों के संरक्षण एवं स्थायी पुनर्वास को लेकर प्रचार-प्रसार किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहकों, भिक्षावृत्ति में लिप्त तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान, संरक्षण और पुनर्वास के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, POCSO Act तथा नशे की गिरफ्त में आने वाले बच्चों से संबंधित मामलों की सूचना तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा Child Helpline 1098 पर देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
बाल संरक्षण से संबंधित किसी भी मामले की सूचना Child Helpline 1098 के साथ ही +91-9827771819 एवं +91-8963997174 पर भी दी जा सकती है। Awareness Campaign का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है।


