रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में सामने आए पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को दुर्ग और उसके आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किया है। पेपर लीक मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मामला “Pest Management in Crop and Stored Grains-I” विषय के प्रश्नपत्र से जुड़ा है। आरोप है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया और WhatsApp के माध्यम से वायरल हो गया था। जब विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे तो उन्हें वही प्रश्नपत्र मिला, जो परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा था। इसके बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और पेपर की गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे।
पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शुक्रवार को NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
CM साय ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सख्त रुख अपनाया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे।
विश्वविद्यालय ने गठित की थी पांच सदस्यीय जांच समिति
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति द्वारा पेपर लीक से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
इधर, रायपुर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तारियां दुर्ग और आसपास के क्षेत्र से की गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रश्नपत्र किस स्तर से लीक हुआ और इसे परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर किस तरह वायरल किया गया।
विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मामला
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने की घटना से विद्यार्थियों में भी नाराजगी है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि पेपर लीक जैसी घटनाओं का सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ता है।
फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार 6 आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और कार्रवाई की जा सकती है।


