पेंड्रा। चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ गरिमामय समापन हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों तथा 100 से अधिक अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी और क्रिकेट की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ओवरऑल चैंपियन रहा।
समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा कुंजनबाई चौक से स्कूल अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं। खेल स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक है और इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारा तथा सद्भावना की भावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को जीवन में कभी हार न मानने और लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खेल का मैदान जीवन में संघर्ष, अनुशासन, टीम भावना और निरंतर प्रयास की सीख देता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर आगे बढ़ने तथा अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा की मांग पर सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कुल 30 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इन कार्यों से खेल अधोसंरचना को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय आवागमन सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने जीपीएम जिले में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन को जिले के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेल भावना, जुनून और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने भी प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर देती हैं।
समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ विद्यार्थियों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष श्रीमती अजीत हेमकुंवर श्याम, श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री मनीष श्रीवास, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रा रोड श्री अमित बेक सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।


