रायपुर/खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति अजय बघेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला को कथित तौर पर दहेज, मोटरसाइकिल और नकद राशि की मांग तथा पढ़ाई जारी रखने को लेकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। मामला टेकापार खुर्द गांव का है।
पुलिस के मुताबिक महिला की शादी 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल से हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही महिला को मोटरसाइकिल और नकद राशि की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा था। परिजनों ने मारपीट और सगाई में मिले आभूषण पति द्वारा अपने पास रखे जाने की बात भी पुलिस को बताई।
पढ़ाई जारी रखने को लेकर भी था विवाद
परिजनों के अनुसार, शादी के समय महिला की पढ़ाई जारी रखने पर सहमति बनी थी। हालांकि, बाद में उसे D.Ed. की पढ़ाई करने से रोकने का आरोप लगाया गया। पुलिस जांच में घरेलू विवाद और पढ़ाई को लेकर दबाव की बात सामने आई है।
बाथरूम में खुद को बंद कर लगाई आग
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को महिला ने घर के बाथरूम में खुद को बंद कर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 85 में प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के बाद पति गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान विभिन्न साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर 24 अगस्त को महिला के पति अजय बघेल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


