कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पालकी यात्रा के दौरान एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर में पालकी यात्रा के दौरान बजरंग चौक के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने एक युवक की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
5 नाबालिग हिरासत में
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने पांच नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस मारपीट के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पीड़ित युवक की पहचान अभी नहीं
वायरल वीडियो में जिस युवक की पिटाई होती दिखाई दे रही है, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस पीड़ित युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।


