रायपुर, 25 अगस्त 2026। प्रदेश में खरीफ सीजन की खेती-किसानी का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 25 अगस्त 2026 की स्थिति में राज्य के 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री साय ने दिए किसानों को सुगमता से खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज आसानी से उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भंडारण रखने और इसकी लगातार निगरानी करने को भी कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रख रहे हैं।
47.40 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है।
12.07 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण
खरीफ सीजन 2026 में प्रदेश में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्र में 16.67 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है।
भंडारित उर्वरक में से अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।
4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित
खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है।
अब तक किसानों को 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं, जो मांग का लगभग 93 प्रतिशत है।
प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश
कृषि विभाग के अनुसार 25 अगस्त की सुबह तक प्रदेश में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।
इस अवधि में दर्ज औसत वर्षा पिछले 10 वर्षों के औसत 810.2 मिलीमीटर की तुलना में 29.2 मिलीमीटर अधिक है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
किसानों को ₹7,778.76 करोड़ का अल्पकालीन कृषि ऋण
किसानों को खेती-किसानी में आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
24 अगस्त 2026 की स्थिति में किसानों को ₹7,778.76 करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹6,449.95 करोड़ का ऋण वितरित किया गया था।
चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल ₹8,800 करोड़ का कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।


