रायपुर/इंदौर। रायपुर निवासी और वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन सगी मासूम बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बच्चियों ने इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी बच्ची की रायपुर लौटते समय इटारसी के अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खाना खाने के बाद बिगड़ी दो बच्चियों की तबीयत
जानकारी के अनुसार, खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोनों बच्चियों की मौत के बाद परिजन उनके शवों को एंबुलेंस से लेकर रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में इटारसी के पास परिवार की तीसरी बच्ची 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई।
इटारसी अस्पताल में तीसरी बच्ची ने तोड़ा दम
आशी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे के इलाज के बाद उसकी भी मौत हो गई।
इस तरह एक ही परिवार की तीन सगी बहनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियों में उल्टी-दस्त जैसी शिकायत सामने आई थी। इन लक्षणों के आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
इटारसी थाना पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई के लिए केस डायरी बेटमा थाना पुलिस को भेजी जाएगी।
पुलिस ने तीनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


