रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार किया जा रहा है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल छत उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व भी ला रही है।
रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महलोई की निवासी दूरपति राठिया के जीवन में भी प्रधानमंत्री आवास योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। विधवा एवं एकल महिला दूरपति मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करती हैं। सीमित आमदनी के कारण उनके लिए अपने संसाधनों से पक्का मकान बनाना संभव नहीं था।
कच्चे मकान में हर बारिश बनी रहती थी चिंता
दूरपति लंबे समय तक मिट्टी के कच्चे मकान में रहती थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण घर के भीतर नमी और गंदगी फैल जाती थी। कच्ची दीवारों के कमजोर होने से मकान के क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना रहता था।
इसके अलावा जहरीले जीव-जंतुओं के घर में प्रवेश की आशंका के कारण भी उन्हें हमेशा चिंता रहती थी। सीमित आय के बीच इन परेशानियों से जूझते हुए सुरक्षित और पक्के घर का सपना उनके लिए मुश्किल दिखाई देता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना बनी सपने को पूरा करने का माध्यम
मेहनत-मजदूरी के सहारे जीवन आगे बढ़ा रहीं दूरपति को उम्मीद थी कि एक दिन उन्हें भी सुरक्षित पक्का घर मिल सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके इस सपने को पूरा करने का माध्यम बनी।
योजना के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ और शासन से प्राप्त सहायता राशि से पक्के मकान का निर्माण संभव हो सका। वर्षों से देखा जा रहा उनका सुरक्षित घर का सपना आखिरकार साकार हुआ।
अब बारिश में नहीं सताती चिंता
आज दूरपति अपने पक्के प्रधानमंत्री आवास में सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन-यापन कर रही हैं। जिस बारिश के मौसम में पहले उन्हें छत टपकने और कच्ची दीवारों के कमजोर होने की चिंता रहती थी, अब उसी मौसम में वह अपने सुरक्षित घर में निश्चिंत रहती हैं।
पक्का आवास मिलने से जहरीले जीव-जंतुओं और मकान के क्षतिग्रस्त होने का डर भी काफी हद तक दूर हो गया है। उनके लिए नया घर सुरक्षा के साथ-साथ सम्मान, आत्मविश्वास और सुकून का प्रतीक बन गया है।
दूरपति राठिया ने पक्का आवास मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पहले बारिश के दिनों में घर को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब उन्हें सुरक्षित छत का सहारा मिल गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से छत्तीसगढ़ में जरूरतमंद परिवारों को उनके सपनों का पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है। दूरपति राठिया की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने पर उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान के साथ सकारात्मक बदलाव आ सकता है।


