रायपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से संबंधित छायाचित्रों एवं जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।
खेल विभूतियों के जीवन और योगदान की झलक
विशेष फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की अनेक खेल विभूतियों के जीवन एवं योगदान को छायाचित्रों और रोचक जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी में वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के संघर्ष से सफलता तक के सफर को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया।
नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
फोटो प्रदर्शनी में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है। इन प्रसंगों के माध्यम से युवाओं और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के संघर्ष और उपलब्धियों को सामने लाने वाली इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया। इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को नई पीढ़ी से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
खेल इतिहास को एक मंच पर लाने की पहल
फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास, गौरवशाली खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
समारोह में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री खुशवंत साहेब, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं श्री विजय बघेल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू एवं श्री सुनील सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी समारोह में शामिल हुए।


