रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया। पंडरी थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी स्थित ग्रैंडले विहार में महिला थाना में पदस्थ आरक्षक दीपक पटेल के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घटना के समय आरक्षक रात्रि गश्त की ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि रक्षाबंधन के चलते उनकी पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोर देर रात मकान में दाखिल हुए। आरोपियों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर पहुंचने के बाद अलमारियों के लॉक भी तोड़ दिए। इसके बाद चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
रात्रि गश्त पूरी करने के बाद जब आरक्षक दीपक पटेल घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे। जांच करने पर नकदी और जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की गंभीरता को देखते हुए FSL, डॉग स्क्वायड, क्राइम टीम और थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल चोरी हुए सामान की पूरी कीमत और विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


