रायपुर। राजधानी में घरों के बाहर मवेशियों को खुले में छोड़ना अब पशुपालकों के लिए भारी पड़ सकता है। नगर निगम ने मवेशियों को खुले में न छोड़ने और उन्हें घर या सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की अपील की है। सड़क पर खुले मवेशी मिलने पर संबंधित मालिक के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को नगर निगम की काउकैचर और विशेष टीम ने पेंशनबाड़ा, संतोषी नगर चौक, भाठागांव बस टर्मिनल, दुर्गा चौक, मतपारा रोड और तरुण बाजार सहित शहर के कई इलाकों में मवेशियों की धरपकड़ की।
नगर निगम के सभी 10 जोनों में यह अभियान लगातार जारी है। सड़क पर घूमते पाए जाने वाले मवेशियों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सड़क पर मवेशियों से हादसे का खतरा
नगर निगम के अनुसार, सड़कों पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अचानक सड़क पर मवेशियों के आने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। ऐसे मामलों में मवेशियों के मालिकों को जिम्मेदार माना जाएगा।
निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को घर, बाड़े या किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुले में न छोड़ें।
हाईकोर्ट के आदेश के तहत अभियान
नगर निगम ने बताया कि मवेशियों की धरपकड़ का अभियान हाईकोर्ट के आदेश और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि खुले मवेशियों की धरपकड़ और संबंधित मालिकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

