रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।
फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान को छायाचित्रों एवं रोचक जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित प्रदेश की कई खेल विभूतियों की उपलब्धियों को स्थान दिया गया है। वहीं वीर हनुमान सिंह के जीवन, खेल साधना और योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की। प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर के साथ ऐसे प्रेरक प्रसंग भी शामिल किए गए हैं, जो युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का काम करेंगे।
‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज होगी प्रदेश की खेल उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन करते हुए कहा कि इसमें छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
खेल विभाग और जनसंपर्क विभाग की संयुक्त पहल
फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास, गौरवशाली खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।


