रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में आधी रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास की है। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी अहमद खान के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब साढ़े 12 बजे अहमद की दो युवकों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद के बाद अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा, लेकिन स्कूटी सड़क किनारे नाली में गिर गई। इसी दौरान पीछा कर रहे दोनों आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अहमद को एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही DCP, ADCP, ACP और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामूली विवाद सहित अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


