जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तंबाखू मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सन्ना थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तंबाखू मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सन्ना थाना क्षेत्र के डोभ गांव निवासी उमेश राम 28 जुलाई को अपने भाई और गांव के युवक रूस्तम के साथ सन्ना बस स्टैंड पर मौजूद था। इसी दौरान उमेश ने रूस्तम से तंबाखू मांगा।
आरोप है कि रूस्तम ने तंबाखू देने के बजाय उसे जमीन पर फेंक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया।
रॉड लेकर पीछे दौड़ा आरोपी
विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों और उमेश के भाई ने दोनों को अलग कराया। इसके बाद उमेश अपने भाई के साथ वहां से जाने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान रूस्तम लोहे की रॉड लेकर उमेश के पीछे दौड़ा और उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज
घायल उमेश को तत्काल सन्ना अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। मंगलवार को उपचार के दौरान उमेश की मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी रूस्तम की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


