रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया।
समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और श्री विजय बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसकी सफलता से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जा रहा है। खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए भी सरकार लगातार कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ उनके भविष्य को संवारना भी सरकार की प्राथमिकता है।
महासमुंद के पैरा एथलीटों को मिला सम्मान
महासमुंद जिले के फार्च्यून नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर, बागबाहरा के तीन पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया गया।
लक्की यादव को वर्ष 2025-26 के लिए शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र और 3 लाख रुपये की राशि दी गई। लक्की यादव ने विश्व पैरा एथलेटिक्स 2026, नई दिल्ली में रजत पदक हासिल किया था।
सुखदेव को वर्ष 2024-25 के लिए शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र और 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। सुखदेव ने 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025, चेन्नई में स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु और गुजरात में आयोजित जूनियर एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किए थे।
निखिल यादव को वर्ष 2025-26 के लिए शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र और 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। निखिल ने 14वीं जूनियर एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025, ग्वालियर में स्वर्ण पदक जीता था।
प्रियंका ठाकुर को शहीद पंकज विक्रम सम्मान
महासमुंद जिले की महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर, जो थाना तुमगांव में पदस्थ हैं, को वर्ष 2023-24 के लिए शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया गया।
प्रियंका ठाकुर वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दो बार कांस्य पदक हासिल किया है। खेलों में उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य खेल अलंकरण समारोह में सम्मानित किया गया।
चांदनी साहू को मुख्यमंत्री ट्रॉफी
महासमुंद की बेटी चांदनी साहू को वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए सीनियर महिला टीम की ओर से मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। चांदनी साहू के पिता का नाम बलदेव साहू है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सम्मानित खिलाड़ियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों के विकास और खेल अकादमी खोलने के लिए प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, निरंजन साहू, खिलाड़ियों के गुरुजन और पालक मौजूद रहे। खिलाड़ियों को सम्मान मिलने पर राज्य पैरा एथलेटिक्स संघ, जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ, जिला तीरंदाजी संघ तथा विभिन्न खेल संस्थाओं और प्रशिक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


