कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आंची दादर में गुरुवार को एक सुनसान कमरे से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनय रजक, पिता शंकर रजक के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने कमरे में युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल कटघोरा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सुनसान कमरे में शव मिलने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
शराब की लत की बात सामने आई, लेकिन पुलिस ने नहीं की पुष्टि
स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिनय रजक शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि वह नशे की हालत में कमरे में पहुंचा होगा, जहां उसकी मौत हो गई।
हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण या स्थानीय लोगों द्वारा जताई गई इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


