बिलासपुर। बिलासपुर में रेलवे ठेकेदार के चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी में आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से चौकीदार के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
गुरुवार को पानी टंकी के पास चौकीदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और तोरवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस को घटना से जुड़ा CCTV फुटेज मिला है। फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से चौकीदार के सिर पर हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद चौकीदार मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के साथ घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस संदिग्ध युवक की पहचान करने और उसके ठिकाने तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


