रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पदक जीतने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ रायगढ़ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन तथा जिला प्रशासन के सहयोग का भी लाभ मिला। कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में खेल कौशल, अनुशासन और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया की यह उपलब्धि रायगढ़ जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। खिलाड़ियों ने साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर छत्तीसगढ़ की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। खिलाड़ियों और कोच ने इस उपलब्धि के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


