कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा सामने आया है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के ढोढ़ीपारा के पास ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। घायल युवक की पहचान रितेश सारथी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद युवक पूरी रात रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़ा रहा। रविवार सुबह राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही सीएसईबी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर क्यों बैठा था युवक? जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक रेलवे ट्रैक पर किस वजह से बैठा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। सीएसईबी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।


