रायपुर, सितंबर 2026। राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित दशहरा मैदान में मोर माटी सांस्कृतिक संगठन द्वारा आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने तीजा-पोरा तिहार को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने संगठन की मांग पर कबीर नगर में सर्व समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया और माताओं-बहनों को तीजा पर्व के अवसर पर साड़ी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा माताओं-बहनों, परिवार और रिश्तों से जुड़ा पर्व है, जबकि पोरा हमारे अन्नदाता किसानों, खेती और पशुधन के सम्मान का पर्व है। ऐसे लोकपर्व हमारी संस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में आत्मीयता और समरसता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि तीजा तिहार माताओं-बहनों के त्याग, तप और परिवार के प्रति उनके समर्पण का पर्व है। महिलाएं इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से धान खरीदी और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक 31 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग छोटे व्यवसाय शुरू करने, सिलाई मशीन खरीदने और बेटियों के भविष्य के लिए बचत करने जैसे कार्यों में कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास की राह में बाधा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बनाई गई रणनीति तथा सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 15 हजार आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए अलग से आवास स्वीकृत किए हैं, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत कर सकें।
कार्यक्रम में तीजा-पोरा तिहार की छत्तीसगढ़ी परंपराओं और सामाजिक समरसता का रंग देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को पर्व की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


