रायपुर, सितंबर 2026। बस्तर में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में अत्यंत धीमी प्रगति और कार्य पूरा करने में रुचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।
विभाग ने अनुबंध के अनुसार कार्य नहीं करने, बार-बार नोटिस जारी होने, अनुबंध अवधि बढ़ाए जाने और ठेकेदारों द्वारा स्वयं शपथ पत्र दिए जाने के बावजूद अपेक्षित काम नहीं करने को गंभीरता से लिया है।
ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करते हुए उनके पंजीयन के नवीनीकरण पर रोक लगाई गई है। दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त भी किए गए हैं।
6 ठेकेदारों के पंजीयन अ-नवीनीकरण के आदेश
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय ने सड़कों और पुलों के निर्माण में कोताही, लापरवाही और अनुबंध उल्लंघन के मामले में छह ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है।
इनमें के. मोहन रेड्डी, मेसर्स शांति विजय कन्सट्रक्शन, मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा., मेसर्स राघवा कन्सट्रक्शन, मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स पंकज हालदार शामिल हैं।
विभाग ने सार्वजनिक आवागमन और जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदारों के पंजीयन के अ-नवीनीकरण के आदेश जारी किए हैं।
के. मोहन रेड्डी और ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. का पंजीयन निरस्त
लोक निर्माण विभाग ने सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. के पंजीयन को निरस्त कर दिया है। आदेश की तारीख से आगामी पांच वर्षों तक पंजीयन के नवीनीकरण पर रोक रहेगी।
इसी तरह सुकमा जिले में भेज्जी-चिंतागुफा मार्ग और चिंतलनार-मरियागुड़म सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार के. मोहन रेड्डी का पंजीयन भी निरस्त किया गया है। उनके पंजीयन पर आदेश दिनांक से आगामी पांच वर्षों तक नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
राघवा कन्स्ट्रक्शन पर 5 साल की कार्रवाई
सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म और कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का काम कर रहे मेसर्स राघवा कन्सट्रक्शन के पंजीयन का आगामी पांच वर्षों तक अ-नवीनीकरण किया गया है।
विभाग ने कार्यों में धीमी प्रगति और निर्माण पूरा करने में अपेक्षित रुचि नहीं लेने के कारण यह कार्रवाई की है।
शांति विजय कन्सट्रक्शन का भी नवीनीकरण रोका
नारायणपुर जिले में नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स शांति विजय कन्सट्रक्शन के पंजीयन के नवीनीकरण पर भी आगामी पांच वर्षों तक रोक लगाई गई है।
बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 2 साल की रोक
सुकमा जिले में कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर के पंजीयन का आगामी दो वर्षों तक अ-नवीनीकरण किया गया है।
वहीं नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग पर पुल-पुलिया निर्माण का कार्य कर रहे मेसर्स पंकज हालदार के पंजीयन के नवीनीकरण पर आगामी पांच वर्षों तक रोक लगाई गई है।
हाईकोर्ट में कैविएट भी दायर
राज्य शासन ने बस्तर में निर्माणाधीन सड़क और पुल परियोजनाओं में देरी को देखते हुए कार्यों को पूरा करने में रुचि नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है।
सरकार ने इन कार्रवाइयों के संबंध में बिलासपुर उच्च न्यायालय में कैविएट भी दायर की है। विभाग का कहना है कि सार्वजनिक आवागमन और जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जा रहा है।


