कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आजीविका से जोड़ने के प्रयासों से परिवारों को आर्थिक सहारा मिल रहा है। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बिर्रा निवासी श्रीमती वर्षा यादव भी बिहान योजना से जुड़कर अपनी आजीविका मजबूत कर रही हैं।
कैलाश स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने समूह के माध्यम से मिले सीआईएफ फंड और बैंक ऋण की सहायता से किराना दुकान शुरू की। आज दुकान से होने वाली आमदनी परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग दे रही है।
किराना दुकान से हर माह 15 हजार रुपये से अधिक की आमदनी
वर्षा यादव बताती हैं कि स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक गतिविधि शुरू करने का अवसर मिला। सीआईएफ फंड और बैंक ऋण की मदद से उन्होंने किराना दुकान शुरू की।
उन्होंने कहा, “समूह से जुड़ने के बाद मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। सीआईएफ फंड और बैंक लोन की मदद से किराना दुकान शुरू की। अब दुकान से हर माह 15 हजार से अधिक की आमदनी होती है और मैं परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपना योगदान दे पा रही हूं। अपने पैरों पर खड़े होकर काम करने से आत्मविश्वास भी बढ़ा है।”
उज्ज्वला योजना से घरेलू काम हुआ आसान
शासन की उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन से वर्षा यादव के घरेलू जीवन में भी सुविधा आई है। पहले भोजन बनाने के लिए लकड़ी जुटानी पड़ती थी और चूल्हे के धुएं के बीच खाना बनाना पड़ता था।
अब गैस चूल्हे से कम समय में भोजन तैयार हो जाता है। लकड़ी जुटाने में लगने वाला समय बचने से वे दुकान और परिवार से जुड़े अन्य कार्यों के लिए समय निकाल पाती हैं।
वर्षा यादव कहती हैं, “उज्ज्वला गैस मिलने से घर का काम बहुत आसान हो गया है। अब लकड़ी लेने जाने की जरूरत नहीं पड़ती और धुएं से भी राहत मिली है। जल्दी खाना बन जाता है, जिससे समय की बचत होती है।”
योजनाओं से आजीविका और आत्मविश्वास को मिला सहारा
आज वर्षा यादव अपनी किराना दुकान के माध्यम से आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। बिहान स्व सहायता समूह से मिली आर्थिक गतिविधि की राह और उज्ज्वला योजना से मिली घरेलू सुविधा ने उनके दैनिक जीवन को सहज बनाने में मदद की है।
वर्षा यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि शासन की योजनाओं से उन्हें आगे बढ़ने, आजीविका मजबूत करने और परिवार के लिए बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिला है।


