रायपुर, 01 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को साकार करते हुए सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया श्रमदान
ग्राम तराजू में आयोजित अभियान के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार स्थल एवं तालाब के आसपास साफ-सफाई की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर सार्वजनिक स्थल की सफाई की और लोगों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
‘स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला’
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला है। गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए।
सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर जोर
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर और परिसर के साथ-साथ बाजार, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छता का उद्देश्य वास्तविक रूप में साकार होगा।
मंत्री ने ओडीएफ प्लस (ODF Plus) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भी ग्रामीणों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
बाजार और तालाब किनारे सामूहिक श्रमदान
ग्राम तराजू के साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब किनारे आयोजित सामूहिक श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, जलस्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सहयोग करने का संदेश दिया गया।
लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में चला अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियां केवल ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहीं। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में स्थित शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान करते हुए कार्यालयों एवं आंगनबाड़ी परिसरों की साफ-सफाई की। इसके माध्यम से ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाते हुए ग्रामीणों को अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
ग्राम तराजू में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री राकेश अग्रवाल, श्री राकेश साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू और जनपद सदस्य श्रीमती रजनी पैंकरा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


