अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जमीन बेचने को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। दरिमा थाना क्षेत्र के भालूकछार ग्राम पंचायत के इमलीपारा में एक युवक ने अपने पिता पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र में विवाद
मृतक की पहचान रमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रमाशंकर ने कर्ज चुकाने के लिए अपनी जमीन करीब 7 से 8 लाख रुपये में बेची थी। जमीन बेचने की बात को लेकर उनका 32 वर्षीय बेटा मुकेश सिंह नाराज था।
बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
खाना खाते समय शुरू हुआ विवाद
घटना के समय रमाशंकर अपनी पत्नी के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मुकेश ने कथित तौर पर टंगिया से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया।
हमले में रमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी मुकेश सिंह को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम, जमीन विवाद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


