दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक चित्रेश सहारे की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक PG की है। पुलिस ने मामले में राजनांदगांव निवासी वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है।
सिगरेट मांगने को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, चित्रेश सहारे मूल रूप से कवर्धा का रहने वाला था और परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया था। वह अपनी महिला मित्र और उसकी बहन के साथ अपने दोस्त रवि के PG पहुंचा था।
बताया गया कि PG में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से चित्रेश की सिगरेट मांगने को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआती विवाद कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान चित्रेश की महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बदतमीजी किए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
पैर और जांघ में चाकू लगने की बात
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान चित्रेश के साथ मारपीट हुई। इसी बीच उस पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। चाकू के वार उसके पैर और जांघ में लगे।
गंभीर रूप से घायल चित्रेश को आसपास के लोगों और युवकों की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
PG पहुंची पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने PG में मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है।
चित्रेश का शव जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
राजनांदगांव के दो युवक हिरासत में
ASP शोभराज अग्रवाल ने बताया कि राजनांदगांव निवासी वैभव मानकर और राजकुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत वास्तव में किस बात को लेकर हुई, चाकू किसने चलाया और घटनाक्रम में दोनों युवकों की क्या भूमिका थी। महिला मित्र के साथ कथित दुर्व्यवहार और उसके बाद हुए विवाद को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


