रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की पावन धार्मिक नगरी शिवरीनारायण पहुंचकर सपत्नीक भगवान नर-नारायण के दर्शन किए। मुख्यमंत्री साय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में शांति, सद्भाव और निरंतर विकास के लिए भगवान नर-नारायण से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह पावन भूमि माता शबरी की अनन्य भक्ति और प्रभु श्रीराम से जुड़ी स्मृतियों को संजोए हुए है। यहां आकर मन को विशेष शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
मठ मंदिर में गौ माता का पूजन, गुड़ और केला खिलाया
भगवान नर-नारायण के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शिवरीनारायण स्थित मठ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गौ माता को गुड़ और केला खिलाया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने गौ सेवा को सनातन संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण जीवनशैली, कृषि परंपरा और लोकजीवन में गौ माता का विशेष स्थान है। उन्होंने मठ मंदिर परिसर में संतों और श्रद्धालुओं से भी आत्मीय भेंट की।
साय ने कहा कि मठ-मंदिर और धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये पीढ़ियों से समाज को संस्कार, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ते आए हैं।
जगन्नाथ मंदिर में भी की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ शिवरीनारायण स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के पावन संगम के समीप स्थित शिवरीनारायण नगरी सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रही है। यहां के मंदिर, धार्मिक परंपराएं और मान्यताएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं।
माता शबरी की भक्ति से जुड़ी है शिवरीनारायण की पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिवरीनारायण का नाम आते ही माता शबरी की अनन्य भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति उनके अगाध प्रेम का स्मरण होता है। यह पावन भूमि भक्ति, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश देती है। शिवरीनारायण की आध्यात्मिक विरासत छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और लोकआस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों की पहचान को सुदृढ़ करने तथा समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए साझा जिम्मेदारी है।
जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, राजे महंत रामसुंदर दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


