जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह पहल विशेष रूप से जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए लाभकारी होगी, जहां स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेष रूप से जनजातीय बहुल और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी व्यक्ति को उपचार से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
हाट-बाजारों में मिलेंगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जैसे भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल क्षेत्रों वाले जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेंगी। हाट-बाजार ग्रामीण जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के साथ ही उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ भी ले सकेंगे।
इससे स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने में लगने वाले समय और खर्च में भी कमी आएगी।
रेडक्रॉस सोसायटी की पहल की मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सोसायटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और जरूरतमंद नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ऐसी जनहितकारी पहलों को भी प्रोत्साहित कर रही है, जिनसे स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों तक पहुंच सकें।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

