रायपुर। राजधानी रायपुर से 3.12 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। ईडी ने ये रकम एक होटल के सामने कूरियर की खड़ी एसयूवी से जब्त किए हैं। कहा जा रहा है कि ये पैसे अरब देश से चुनावी प्रचार के लिए आए थे। इस दौरान ईडी ने कार्रवाई करते हुए कूरियर कर्मी की जानकारी पर भिलाई में एक व्यापारी के कार चालक के यहां छापा मारा लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा। आरोपी कार चालक का नाम आसिम दास बताया जा रहा है। ईडी ने ड्राइवर के निवास पर छापा मारा है। निवास स्थान से ईडी को करोड़ों रुपए मिले हैं। अनुमानित तौर पर कहा जा सकता है कि घर में करीब 10 करोड़ रुपए मिले हैं। फिलहाल नोटों की गिनती जारी है।
बताया जाता है कि दोपहर लगभग तीन बजे कुछ युवक बोरों में कुछ लेकर आसिम के घर पहुंचे थे। बोरे छोड़कर वे चले गए थे। टीम देर रात को भी उसके निवास में डटी हुई है।
पता चला है कि आसिम पूर्व में भिलाई की पार्षद और मेयर इन कौंसिल (एमआइसी) प्रभारी रीता गेरा का ड्राइवर था। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह राशि महादेव सट्टा एप के संचालकों से जुड़ी है या हवाला की है।
बताया गया है कि ईडी आज एक साथ दो से तीन जगह राज्य में दबिश दी है। यहां पर सात अधिकारियों की टीम और अर्द्धसैनिक बल के जवान दिल्ली पासिंग तीन गाड़ियों से रायपुर पहुंचे थे। इस टीम में एक महिला अधिकारी भी है। यहां दोपहर एक बजे कूरियर कर्मी को हिरासत में लेने के बाद टीम भिलाई निकल गई। वहां आसिम दास उर्फ बप्पा के हाउसिंग बोर्ड जामुल के ब्लाक-15, क्वार्टर नंबर-17 निवास पहुंची। टीम को मिली रकम 2,000 और 500 के नोटों में है।

