CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, सेफ टच और अनसेफ टच, नशे से बचाव, किशोर न्याय अधिनियम, यातायात नियमों तथा मासिक धर्म स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह कराना या उसमें सहयोग करना कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर दी जा सकती है।
इसके अलावा छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा, कानूनी सहायता और परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा जारी रखने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पलाइन एवं संबंधित संस्थाओं से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, महिला एवं बाल विकास विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


