कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच सालों में जल जंगल जमीन पर आदिवासियों को उनका अधिकार देने का काम किया है।
बघेल ने आज माकड़ी में एक चुनावी सभा में कहा कि विकास के दो पैमाने हैं जिसमें एक सड़क, पुल पुलिया, स्कूल, हॉस्पिटल का निर्माण है। दूसरा विकास का पैमाना व्यक्ति है। हमने व्यक्ति को केंद्र रखकर विकास किया है। बच्चे सुपोषित हों इसके लिए हमने मुख्यमंत्री सुपोषण योजना शुरू की, हमने अभियान चलाकर बस्तर को मलेरिया मुक्त किया, हमने बाजार में अस्पतालों को पहुंचा दिया। डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता था जिसे बढ़ाकर हम 10 लाख रुपये करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से हमने लोगों को इलाज में मदद की है।

